खराब मौसम ने रोकी हेलिकॉप्टर की राह

उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। लाहौल घाटी के लिए बुधवार को प्रस्तावित हेलिकॉप्टर की उड़ान अगर सुबह जल्द की गई होती तो बारिंग के यात्रियों को भी राहत मिलती। दूसरी उड़ान में भुंतर से बारिंग के लिए निकले हेलिकॉप्टर को रोहतांग के पीछे ही भुंतर की ओर मोड़ना पड़ा। हालांकि, इससे पहले पहली उड़ान भुंतर-तांदी डाइट-भुंतर के बीच भरी गई। भुंतर से 20 यात्री तांदी (डाइट) हेलीपैड पर उतरे और वहां से दो बच्चों सहित 19 यात्रियों को कुल्लू के लिए लिप्ट किया गया। दूसरी उड़ान भुंतर से बारिंग हेलीपैड के लिए हुई लेकिन हेलिकॉप्टर खराब मौसम के चलते रोहतांग दर्रे को भी नहीं लांघ सका। नाम न छापने की शर्त पर सवारियों ने बताया कि बुधवार सुबह समय पर हेलिकॉप्टर की उड़ान करवाई होती तो बारिंग के लिए भी सफल उड़ान की जा सकती थी। लेकिन, मौसम ने इस उड़ान को पीछे धकेल दिया। कुल्लू उड़ान समिति से मिली जानकारी के अनुसारबुधवार को शेड्यूल के मुताबिक पहली उड़ान भुंतर-तांदी (डाइट) भुंतर के बीच, जबकि दूसरी उड़ान भुंतर-बारिंग-भुंतर के बीच और तीसरी उड़ान भुंतर-रावा-भुंतर के बीच और चौथी उड़ान भुंतर-सिस्सू-भुंतर के बीच प्रस्तावित थी। लेकिन, बुधवार को लाहौल के लिए एक ही उड़ान हो पाई है। कुल्लू में तैनात लाहौल-स्पीति उड़ान समिति के सह प्रभारी शेर लाल ने तांदी (डाइट) हेलीपैड के लिए एक ही उड़ान होने की पुष्टि को है।

Related posts