खराब परिणाम वाले स्कूलों पर होगी कार्रवाई : मुसाफिर

सराहां (सिरमौर)। दसवीं परीक्षा का परिणाम कई स्कूलों में बेहद निराशाजनक रहा है। विशेषकर सरकारी स्कूलों में दसवीं कक्षा के परिणाम इस बार निम्न रहे हैं। ऐसे स्कूलों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही जिला के अंतर्गत आने वाले ऐसे स्कूलों की रिपोर्ट तैयार कर राज्य के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के समक्ष रखी जाएगी। यह बात राज्य के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष जीआर मुसाफिर ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही। वह मंगलवार को सराहां में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। मुसाफिर ने स्पष्ट किया कि जिला सहित पच्छाद क्षेत्र के जिन स्कूलों में प्रवक्ताओं तथा शिक्षकों के पद खाली पड़े हैं, उनकी भी रिपोर्ट बनाकर राज्य सरकार को भेजी जाएगी। बाद में सभी पदों को भरा जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इससे पूर्व भाजपा को आड़े हाथ लेते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा आए दिन मीडिया में मनघड़ंत बयानबाजी कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अन्य विधानसभा क्षेत्रों की अपेक्षा पच्छाद क्षेत्र में कांग्रेस सरकार ने ज्यादा विकास किया है। दो विकास खंडों सहित दो तहसीलों तथा राजगढ़ में एसडीएम कार्यालय तथा सराहां में लोगों की सुविधा के लिए एसडीएम कोर्ट की सुविधा प्रदान की जा रही है।
पत्रकार वार्ता के दौरान सिरमौर सिंह, श्यामलाल फरमाहे, पृथ्वी सिंह, विजय शर्मा व सुधीर ठाकुर सहित कई अन्य नेता शामिल थे।

Related posts