
रामपुर बुशहर। अल्ट्रासाउंड टेस्ट के लिए अब लोगों को निजी क्लीनिकों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। यह सुविधा अब खनेरी अस्पताल में ही मिलेगी। रेडियोलॉजिस्ट के छुट्टी से आने के बाद सोमवार से अस्पताल में अल्ट्रासाउंड टेस्ट शुरू कर दिए गए हैं। यहां तकरीबन 120 रुपये में टेस्ट होगा। इससे शिमला समेत किन्नौर और कुल्लू जिले के लोगों को राहत मिली है। खनेरी अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट न होने से लोगों को अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए निजी क्लीनिक जाना पड़ता था। निजी क्लीनिकों में एक टेस्ट के करीब 650 रुपये लिए जाते थे।
किन्नौर, शिमला और साथ लगते कुल्लू जिले के लोगों की सुविधा के लिए खनेरी में खोले गए 200 बिस्तरों वाले अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट का पद करीब सात साल से रिक्त था। हाल ही में इस पद पर डा. सतनाम सिंह ने पद्भार ग्रहण किया था। इसके बाद वह छुट्टी पर चले गए थे। छुट्टियां खत्म होने पर अब वह ड्यूटी पर लौट आए हैं। उनके लौटने पर खनेरी अस्पताल में सोमवार से अल्ट्रासाउंड टेस्ट शुरू कर दिए गए हैं। यहां अल्ट्रासाउंड टेस्ट की सुविधा शुरू होने से अब मरीजों को निजी क्लीनिक में जाकर लुटना नहीं पड़ेगा।
अस्पताल प्रभारी डा. अजीत नेगी ने अस्पताल में अल्ट्रासाउंड टेस्ट की सुविधा शुरू होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में एक टेस्ट के करीब 120 रुपये लिए जाएंगे। अस्पताल में अल्ट्रासाउंड टेस्ट की सुविधा शुरू होने से अब मरीजों को अन्यत्र जाना नहीं पड़ेगा।
