खनेरी में पानी की राशनिंग आज से

रामपुर बुशहर। रचोली पंचायत के खनेरी में शुक्रवार से पानी एक दिन छोड़कर दिया जाएगा। जबकि, रामपुर शहर से सटे कल्याणपुर, पिपटी और चूहाबाग में पानी की राशनिंग सोमवार से शुरू की जाएगी। लोगों को पेयजल संकट से नहीं जूझना पड़े, इसलिए आईपीएच विभाग नई व्यवस्था शुरू कर रहा है।
आईपीएच विभाग के सहायक अभियंता किशोर शर्मा और कनिष्ठ अभियंता कृष्ण कुमार शर्मा ने इसकी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि रचोली पंचायत के खनेरी, चूहाबाग, पिपटी, कल्याणपुर आदि इलाकों के लिए बनी पेयजल योजनाओं के जलस्तर में गर्मी के कारण तीस फीसदी तक गिरावट आ चुकी है। योजनाओं में जलस्तर घटने से इन क्षेत्रों में हर दिन पेयजल आपूर्ति करना मुश्किल हो रहा है। इसलिए शुक्रवार से खनेरी और सोमवार से पिपटी, कल्याणपुर आदि क्षेत्रों में पानी की राशनिंग शुरू करने का निर्णय लिया गया है। विभाग की इस नई व्यवस्था के तहत लोगों को भले ही एक दिन छोड़कर पानी मिलेगा, लेकिन अधिक संकट नहीं आएगा।
रचोली पंचायत के खनेरी, चूहाबाग और रामपुर शहर से सटे पिपटी, कल्याणपुर आदि क्षेत्रों में जल संकट हर साल गहरा जाता है। यहां के लिए बनी बरौनी और हलोग योजनाएं गर्मी में हांफ जाती हैं। इसके चलते लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। मगर इस बार आईपीएच विभाग द्वारा समयपूर्व राशनिंग शुरू करने से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। विभाग का कहना है कि अगर जल संकट अधिक गहराता है तो इन क्षेत्रों में भविष्य में टैंकरों के माध्यम से भी आपूर्ति की जाएगी।

Related posts