
हरिद्वार। खनन माफिया पर कार्रवाई मुकदमा दर्ज करने तक सीमित नहीं रहेगी। माफिया पर गैंगस्टर एक्ट लगाकर उसकी संपत्ति जब्त की जाएगी। नए एसएसपी राजीव स्वरूप ने अवैध खनन पर अपने इरादे जाहिर करते हुए अवैध खनन पर अंकुश को नई रणनीति बनाने का ऐलान किया है। साथ ही शहर की यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के अलावा कांवड़ यात्रा सकुशल संपन्न कराने को भी एसएसपी ने अपनी प्राथमिकता बताया है।
शुक्रवार को सीसीआर टॉवर में पत्रकारों से वार्ता करते हुए एसएसपी राजीव स्वरूप ने कहा कि अवैध खनन रोकना उनकी प्राथमिकता है। अवैध खनन माफिया के खिलाफ मुकदमे दर्ज करने के अलावा उन पर गैंगस्टर की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा एसएसपी ने माफिया की संपत्ति भी जब्त करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा को संपन्न कराना भी चुनौती है। इसके लिए विशेष रणनीति बनाई गई है। जनपद में संगठित अपराध को रोकने के अलावा मानव तस्करी और जिस्मफरोशी के धंधे पर भी लगाम लगाई जाएगी। उन्होंने मातहत अधिकारियों को जनता से बेहतर संवाद बनाए रखने की हिदायत दी। साथ ही आमजन के साथ गलत बर्ताव करने पर उन्होंने कार्रवाई की चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए भारी वाहनों को व्यस्त समय में शहर में घुसने नहीं दिया जाएगा। सड़क सुरक्षा के लिए हेलमेट अभियान भी चलाया जाएगा। प्रेस वार्ता में एसपी सिटी डीएस भंडारी, एसपी देहात अजय सिंह आदि अधिकारी उपस्थित थे।
सार्वजनिक स्थानों पर शोर बर्दाश्त नहीं
हरिद्वार। शादी ब्याह और पार्टी में शोर शराबा अब आपको महंगा पड़ सकता है। मस्जिद और मंदिरों को छोड़कर किसी ने भी नियम से अधिक आवाज पर शोर किया तो पुलिस कार्रवाई करेगी। एसएसपी ने सभी मातहत अधिकारियों को इसके लिए कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। शोर-शराबा करने पर जुर्माना आदि की कार्रवाई की जाएगी।
