
सेलाकुई। अवैध खनन के खिलाफ सहसपुर पुलिस के अभियान से खनन माफिया में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तड़के घेराबंदी कर तीन ट्रैक्टर ट्राली दबोच ली। मौके पर खनन में जुटे आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस को देख वाहन स्वामी फरार हो गए। खनन माफिया ने ट्रैक्टर ट्रालियां छुड़वाने के लिए सिविल वर्दी में आए सिपाहियों पर पथराव कर दिया। घटनाक्रम में किसी को चोट नहीं आई है। पुलिस ने मौके से खनन से भरे तीन वाहनों और एक बाइक को कब्जे में लेकर सीज कर दिया है। पुलिस पर पथराव करने वालों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। सभी के खिलाफ सरकारी कामकाज में बाधा पहुंचाने समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
एसपी देहात ममता बोहरा को सूचना मिली कि सेलाकुई चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आसन नदी में अवैध खनन हो रहा है। वह तड़के साढे़ पांच बजे सीओ मसूरी जया बलूनी के साथ मय पुलिस फोेेर्स मौके पर पहुंच गई। सुबह सवेरे पुलिस को देख खनन करने वालों में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने घेराबंदी कर तीन ट्रैक्टर ट्रालियों को दबोच लिया। इस दौरान अवैध खनन करते आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि ट्रैक्टर मालिक भाग खडे़ हुए। माफिया ने खनन से लदे ट्रैक्टरों को छुड़वाने के लिए सिविल वर्दी में पहुंचे पुलिस कर्मियों से बदसलूकी की और पथराव कर दिया। मौके से गिरफ्तार किए गए लोगों को थाने लाकर उनसे पूछताछ की जा रही है, इनमें से आठ लोगों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में अवैध खनन में संलिप्त अन्य लोगों के बारे में भी अहम जानकारियां मिली है।
आसन नदी के बाद एसपी देहात ने भाऊवाला, राजावाला, तेलपुरा, अटकफार्म आदि क्षेत्रों में भी छापामारी की, लेकिन अभियान की भनक लगते ही खनन माफिया भाग खड़ा हुआ।
इन लोगों पर हुआ मुकदमा दर्ज
थानाध्यक्ष सूर्यभूषण नेगी ने बताया कि ट्रैक्टर मालिक मुकर्रम पुत्र असलम, कादिर पुत्र मैनुदीन, मासूम पुत्र शौकत तीनों निवासी सेलाकुई, शहजान, सुल्तान दोनों पुत्र अजीमुद्दीन, आकिल पुत्र अनीफ, जहीद पुत्र गफूर सभी निवासी हसनपुर शेरपुर, सोनू पुत्र सुरेश निवासी रामपुर, सोनू पुत्र राम सिंह, सतवीर पुत्र रामपाल, नहीम पुत्र आजाद सभी निवासी जमनपुर के खिलाफ सरकारी कामकाज में बांधा पहुंचाने, चोरी, अवैध खनन और फारेस्ट एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।
