
उत्तरकाशी। जोशियाड़ा बैराज जलाशय के किनारे सुरक्षा कार्य न कराए जाने से आक्रोशित ज्ञानसू बस्ती के लोग अब विस्थापन की मांग करने लगे हैं। ज्ञानसू बचाओ संघर्ष समिति ने इस संबंध में जल विद्युत निगम के महाप्रबंधक को ज्ञापन प्रेषित किया।
मनेरी भाली द्वितीय चरण परियोजना के जोशियाड़ा बैराज जलाशय से ज्ञानसू की ओर कटाव बढ़ता जा रहा है। इससे ज्ञानसू बस्ती पर खतरा मंडरा रहा है। यहां के लोगों ने पहले बैराज जलाशय खाली कराकर उत्पादन ठप कराया था। तब निगम के अधिकारियों ने नुकसान की भरपाई, खतरा होने पर जलाशय खाली करने तथा शीघ्र सुरक्षा दीवार बनवाने का आश्वासन दिया था।
ज्ञानसू बचाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष ज्ञानचंद रमोला, सचिव अवतार सिंह बिष्ट आदि ने कहा कि यदि निगम बस्ती को सुरक्षित नहीं कर सकता तो विस्थापन कर दे। उन्होंने इस संबंध में निगम के महाप्रबंधक को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है।
