खतरनाक सड़कों पर 70 लाख से लगेंगे क्रैश बैरियर

चंबा। लोक निर्माण विभाग चंबा मंडल दुघर्टना संभावित चिन्हित स्थलों की जल्द सुध लेगा। विभाग ने चिन्हित स्थलों पर क्रैश बैरियर लगाने का खाका तैयार कर लिया है। क्रैश बैरियर लगाने के लिए करीब 70 लाख खर्च किए जाएंगे। विभाग चंबा-जुम्महार, चंबा-साहो, चंबा- सिल्लाघराट और चंबा-सरोल मार्ग पर क्रैश बैरियर लगाएगा। वहीं चामुंडा मंदिर के पास क्रैश बैरियर लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। विभाग ने काफी संख्या में विभागीय कर्मचारियों की तैनाती इस कार्य के लिए कर दी है। सरोल मार्ग पर घोल्टी के पास बैरियर लगाए जाएंगे। विभाग जल्द जुम्महार मार्ग पर भी क्रैश बैरियर लगाने का कार्य शुरू कर देगा। जुम्महार क्षेत्र के ग्रामीणों ने कई बार दुर्घटना संभावित स्थलों में कई बार क्रैश बैरियर और पैरापिट लगाने की मांग की थी। ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग पर काफी चढ़ाई है और काफी तंग भी है। पैरापिट व क्रैश बैरियर ने होने से हर समय दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है। विभाग ने मार्ग की दशा और ग्रामीणों की मांग को देखते हुए क्रैश बैरियर लगाने के लिए धनराशि का प्रावधान कर दिया है। मार्ग पर जल्द बैरियर लगाने का कार्य युद्धस्तर पर आरंभ किया जाएगा। विभाग के चंबा मंडल के अधिशासी अभियंता एमके मिन्हास और सहायक अभियंता जेएस ठाकुर ने बताया कि क्रैश बैरियर लगाने का कार्य चामुंडा मंदिर के पास शुरू कर दिया है। अन्य चिन्हित स्थानों पर भी जल्द क्रैश बैरियर जल्द लगाए जाएंगे।

Related posts