खड्ड में समाया टिप्पर, बाप-बेटे की मौत

बालीचौकी (मंडी)। क्षेत्र के चवाली माता मंदिर के समीप टिप्पर अनियंत्रित होकर तीर्थन खड्ड में जा गिरा। हादसे में बाप-बेटे की मौके पर मौत हो गई। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को दस-दस हजार रुपये की फौरी राहत दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण सड़क धंसना बताया जा रहा है। रविवार शाम को टिप्पर चवाली माता मंदिर के समीप करीब 60 मीटर की गहरी खाई से लुढ़क गया। खड्ड का पानी गहरा होने के कारण राहत कार्यों में परेशानी हुई। लोगों की कड़ी मशक्कत के बाद जेसीबी की सहायता से टिप्पर को पानी से बाहर निकाला गया। हादसे में भुराह गांव निवासी राजेश्वर सिंह तथा उसके 13 साल के बेटे की मौत हो गई। मृत भूपेंद्र सिंह वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बालीचौकी में आठवीं कक्षा का छात्र था। बालीचौकी पुलिस चौकी प्रभारी सुभाष चंद पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। लोगों तथा पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद शवों को खड्ड से निकाला। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। नायब तहसीलदार बालीचौकी जय गोपाल शर्मा ने मौके पर पहुंच कर जायजा लिया। प्रशासन ने परिजनों को दस-दस हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की है। पंचायत के प्रधान तेज राम, उप प्रधान दिले राम, युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष बीर सिंह भारद्वाज, डोले राम, ग्राम पंचायत माणी प्रधान जैई देवी ने हादसे पर शोक जताया है।

Related posts