
खैरा (कांगड़ा)। जयसिंहपुर उपमंडल के अंतर्गत पंचायत जालग के लद्दी गांव के युवक की मंद खड्ड में डूबनेे से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार जयसिंहपुर उपमंडल की पंचायत जालग के गदियाड़ा के अनिल कुमार पुत्र स्वर्गीय रमेश कुमार की कुठेड़ा के पास मंद खड्ड में डूब जाने से मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद अनिल कुमार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैरा लाया गया, लेकिन वहां पर मौजूद वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डा. वीके गौतम ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया तथा इसकी सूचना थाना भवारना में दी। चंडीगढ़ में नौकरी कर रहा 32 वर्षीय अनिल कुमार एक दिन पहले ही अपने दादा के चतुर्वार्षिक श्राद्ध पर अपने घर लद्दी आया था। शुक्रवार को वह अपने जीजा व चचेरे भाइयों के साथ नहाते वक्त खड्ड में डूब गया। उधर, पुलिस थाना भवारना के प्रभारी एसएचओ ब्रह्मदास ठाकुर ने रिपोर्ट दर्ज होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मौके पर गए जांच अधिकारी एएसआई संदीप पठानिया ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
