खड्डों में धड़ल्ले से हो रहा अवैध खनन

झंडूता (बिलासपुर)। प्रतिबंध के बावजूद जिले की कई खड्डों में अवैध खनन धड़ल्ले से हो रहा है। खड्डों से निकलने वाली रेत, बजरी व पत्थर जैसी सामग्री मुंह मांगे दामों पर बेचकर खनन माफिया मोटी कमाई कर रहा है। खनन के चलते खड्डों का जलस्तर भी कम होता जा रहा है, जिससे पेयजल व सिंचाई योजनाएं प्रभावित हो रही हैं।
सरकार व खनन विभाग के पुरजोर प्रयासों के बावजूद खनन माफिया बाज नहीं आ रहा है। दिन के समय ढुलान या बिजाई जैसे कार्य करने वाले कई ट्रैक्टर रात को अंधेरा होते ही खड्डों में पहुंच जाते हैं। सुबह होने से पहले ही रेत, बजरी व पत्थर जैसी सामग्री ट्रैक्टरों में लादकर उसे ठिकाने पर पहुंचा दिया जाता है। अवैध व अवैज्ञानिक ढंग से खड्डों का सीना छलनी करके खनन माफिया चांदी कूट रहा है, लेकिन इससे सरकार को भारी-भरकम राजस्व का नुकसान हो रहा है।
किसान विकास संघ तुंगड़ी के प्रधान रणजीत सिंह व सचिव कुलदीप जमवाल ने बताया कि कुछ लोग एक जगह का एम-फार्म लेकर उसी की आड़ में दूसरी खड्डों में भी खनन कर रहे हैं। ठेकेदार को एम-फार्म पर तारीख व समय दर्ज करना होता है, लेकिन उसे खाली रखकर पूरा माह प्रयोग किया जाता है। उन्होंने प्रशासन और वन विभाग को इसकी शिकायत भी भेजी है। खनन विभाग के अधिकारी नीरजकांत ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि खनन माफिया पर नकेल कसने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। उक्त मामले में पांच ट्रैक्टरों के चालान काटकर 22,500 रुपए जुर्माना वसूलने के साथ ही ठेकेदार को नोटिस भी भेजा गया है।

Related posts