खड़ापत्थर में भाजपा का धरना-प्रदर्शन

जुब्बल (शिमला)। ठियोग-होटकोटी रोहडू सड़क की बदहाली को लेकर शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने खड़ापत्थर में धरना-प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने खड़ापत्थर बाजार में रैली निकालकर कांग्रेस सरकार और स्थानीय विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
भाजपा ने आरोप लगाया कि ठियोग-हाटकोटी सड़क की स्थिति सुधारने के नाम पर कांग्रेस सरकार लोगों को गुमराह कर रही है। सड़क का कार्य कछुआ गति से चल रहा है। भाजपा सरकार ने सड़क निर्माण का टेंडर दो चरण में लगाने की प्रक्रिया शुरू की थी, लेकिन कांग्रेस ने दोनों टेंडर एक ही कंपनी को दे दिए हैं। इस कारण सड़क कार्य धीमी गति से चल रहा है। कांग्रेस ने सत्ता परिवर्तन के तीन माह के अंदर सड़क को ठीक करने का दावा किया था। अब कांग्रेस सरकार को सत्ता में आए बीस माह से अधिक समय बीत गया है, लेकिन सड़क की हालत को सुधारने के लिए कोई भी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। सेब सीजन के लिए एक माह का समय शेष रह गया है। ऐसे में सड़क की बदहाली बागवानों के लिए परेशानी का सबब बन सकती है। मुख्य सड़क पर बने पुल भी जर्जर हो गए हैं। यहां पर कभी भी दुर्घटना घट सकती है। पुलों की मरम्मत करने के नाम पर मात्र खानापूर्ति की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सेब सीजन से पहले सड़क की हालत को सुधारा नहीं गया तो आंदोलन को उग्र किया जाएगा। इस मौके पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नरेंद्र बरागटा, भाजयुमो अध्यक्ष अशोक जस्टा, दिनेश बेस्टा सहित भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related posts