खजूरी में 15 दिनों से पेयजल किल्लत

शिलाई (सिरमौर)। सिंचाई उप मंडल कफोटा के अंतर्गत आने वाले गांव खजूरी में दर्जनों परिवारों को पिछले 15 दिन से पीने का पानी नहीं मिल रहा। क्षेत्र में इन दिनों पीने के पानी की किल्लत है। ग्रामीण लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर से पानी ढोकर ला रहे हैं। ग्रामीणों को पानी बावड़ी तथा अन्य दूषित स्रोतों से मजबूरी में लाना पड़ रहा है। इस कारण जलजनित रोगों के फैलने की आशंका बढ़ गई है।
पिछले 15 दिन से खजूरी गांव के तीन दर्जन से अधिक परिवार पीने के पानी के लिए मारे-मारे फिर रहे हैं। लोग इधर-उधर से दूषित पानी भरकर घर ला रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग को कई बार सूचना देने के बाद भी व्यवस्था को नहीं सुधारा जा रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि पेयजल आपूर्ति नहीं सुधारी गई तो वह सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे।
अधिशासी अभियंता सिंचाई मंडल पांवटा महेश शर्मा ने बताया कि वह इस मामले में कर्मचारियों को मौके पर भेजकर समस्या के निदान का प्रयास करेंगे। ग्रामीणों को हर हाल में पेयजल मुहैया करवाया जाएगा।

Related posts