
गोहर (मंडी)। वन विभाग ने नाचन वन मंडल के अंतर्गत कमरूनाग मंदिर के समीप खुंडे के पास सात खच्चरों पर तस्करी कर ले जाए जा रहे देवदार के 14 स्लीपर बरामद करके तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार देर रात वन विभाग नाचन की टीम को यह सफलता हाथ लगी। विभागीय टीम ने अवैध लकड़ी, खच्चरों और तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। वन विभाग ने पुलिस को भी सूचित कर दिया है। आरोपियों की पहचान वन विभाग ने बरनोग गांव निवासी मोहन सिंह बरनोग, बागड़ा निवासी खेम सिंह बागड़ा और जबाल गांव निवासी भीम सिंह के रूप में की है। डीएफओ नाचन पीडी डोगरा ने मामले की पुष्टि की है। डीएफओ ने बताया कि वन विभाग की टीम ने बुधवार देर रात कमरूनाग के समीप खुंडे के पास नाका लगाया था। जहां खच्चरों पर देवदार के स्लीपर लादकर तीन व्यक्ति अंधेरे में आ रहे थे। वन विभाग ने तीनों लोगों को जब पूछताछ के लिए रोका तो वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इस पर वन विभाग की टीम ने 14 स्लीपरों को कब्जे में ले लिया। डीएफओ पीडी डोगरा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसएचओ नवीन झालटा ने बताया कि तीनों आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पकड़ी गई लकड़ी की कीमत 40 हजार रुपये आंकी गई है।
