
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी ने भी गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार मान लिया है।
खंडूरी का कहना है कि उन्हें तानाशाह मोदी भी मंजूर हैं। उनका कहना है कि मोदी कुशल शासक और प्रशासक हैं और देश की जनता के सामने उन्होंने इसे साबित भी कर दिया है। देश को इस समय ऐसे ही कठोर फैसले लेने और हिम्मत वाले प्रधानमंत्री की जरूरत है।
युवा वर्ग की पसंद है मोदी
रामनगर में प्रदेश भाजपा की दो दिवसीय कार्यसमिति की बैठक में हिस्सा लेने पहुंचे खंडूरी ने कहा कि मोदी को भले ही लोग तानाशाह मानें इस समय देश को खासकर युवा वर्ग को एक ऐसे नेता की आवश्यकता है जो कठोर फैसले लेने की हिम्मत रखता हो।
उनकी राजनीतिक छवि को लेकर भले ही कुछ भी कहा जाए लेकिन ऐसी ही कार्यशैली की मांग है। कांग्रेस की सरकारों ने देश को भ्रष्टाचार दिया है ऐसे में एक ऐसा नेता चाहिए जिस पर भ्रष्टाचार का दाग न हो। उन्होंने कहा कि मोदी योग्य, क्षमतावान और निर्णय लेने में समक्ष हैं।
272+सीटों का संकल्प
प्रदेश कार्यसमिति भी मोदीमय दिखी। हाल ही में मोदी के लोकसभा चुनाव में 272+सीटों के संकल्प को जगह-जगह दर्शाया गया था। पदाधिकारियों को मिलने वाली बुकलेट में बाकायदा बीजेपी वन 272+ लिखा गया है।
इतना ही नहीं मंच और अन्य जगहों पर लगे होर्डिंग्स में भी नरेन्द्र मोदी अटल बिहारी वाजपेयी, लाल कृष्ण आडवाणी और राजनाथ सिंह को बराबर से टक्कर देते दिख रहे हैं, जबकि प्रदेश के किसी भी नेता को इसमें जगह नहीं दी गई है। शहर में भी मोदी के अकेले के पोस्टर दिखाई दे रहे हैं।
खंडूरी ने जवानों के लिए छोड़ा मैदान
मेजर जनरल खंडूरी जवानों के लिए मैदान छोड़ने को तैयार हैं। उन्होंने एक बार फिर दोहराया है कि पार्टी में 75 साल से ऊपर के नेताओं को लोकसभा चुनाव नहीं लड़ना चाहिए।
उनका कहना है कि इस उम्र में लोग अधिक भागदौड़ नहीं कर सकते हैं, लिहाजा लोकसभा चुनाव में जवान उम्मीदवारों को उतारा जाना चाहिए।
लोकसभा चुनाव की तैयारी
खंडूरी के इस बयान से साफ है कि वह खुद लोकसभा चुनाव न लड़कर राज्यसभा में जाना चाहते हैं। खंडूरी का कहना है कि हाउस ऑफ एल्डर यानी राज्यसभा इसीलिए है जिसमें वरिष्ठ लोगों को भेजा जाए।
साथ ही यह भी तय होना चाहिए कि कम उम्र के लोग राज्यसभा में न भेजे जाएं।
खंडूरी के इस बयान को लेकर पार्टी में एक बार हलचल मचेगी क्योंकि भाजपा में तमाम उम्रदराज नेता लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटे हैं। खंडूरी के इस बयान को उत्तराखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय भट्ट नितांत निजी बताते हैं।
