
कोटद्वार। नगर और समीपवर्ती क्षेत्रों में हुई बारिश से लोगों ने राहत की सांस ली है। दो हफ्ते से यहां बारिश न होने से तापमान बढ़ गया था।
रविवार को कुछ देर बारिश हुई तो मौसम में नरमी आ गई। वहीं कुछ लोगों ने इसका आनंद भी लिया और कुछ ने बारिश के दौरान अपने को भीगने से बचाए रखा। कोटद्वार के देवीरोड और रेलवे रोड सहित अनेक मोहल्लों में जलभराव की स्थिति रही। पदमपुर गांव की सड़कों में काफी पानी भर गया था। जिससे लोगों दिक्कत हुई।
इस बारिश से किसानों को भी राहत मिली है। किसान धान की पौध रोपने और अन्य फसलों को पानी की जरूरत को महसूस कर रहे थे। किसानों ने इस बारिश को अच्छा माना है। उनका कहना है कि बारिश अभी जारी रहनी चाहिए। इस समय किसानों को सबसे ज्यादा धान रोपने के लिए पानी की जरूरत है।
दूसरी ओर बारिश होने के बाद नगर की नालियां अधिकतर चोक रहीं। जिससे पानी सड़क पर आ रहा था। नगर में यह स्थिति लाइलाज हो चुकी है। इसमें किसी प्रकार के सुधार की संभावना ही समाप्त हो गई है।
