क्षतिग्रस्त सड़कें शीघ्र होंगी बहाल : ब्राक्टा

रोहड़ू। विधायक मोहनलाल ब्राक्टा ने कहा कि बरसात से बंद धमवाड़ी तथा आसपास के गांवों की सड़कों को बहाल करने का काम दिन-रात चलेगा। तय समय में सभी सड़कों को यातायात के लिए खोल दिया जागा। रोहड़ू से चिड़गांव के बीच पब्बर नदी के बहाव से कट रही सड़क को बचाने के लिए लोनिवि को आदेश कर दिए गए हैं।
विधायक ने बुधवार को बादल फटने तथा भारी बारिश के बाद प्रभावित धमवाड़ी में पहुंच कर लोगों की समस्याओं का सुना। उन्होंने कहा कि बारिश से धमवाड़ी में मत्स्य विभाग के फार्म में ट्राउट मरने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। तांगणू में पुल टूटने के बाद लोगों की सुविधा के लिए पुल बनने से पहले अस्थायी तौर पर सड़क को तैयार किया जाएगा। उन्होंने दिऊदी गांव के लिए सड़क को बहाल करने के भी मौके पर उपस्थित अधिकारियों को आदेश किए। पंचायत प्रधान मिडल सिंह ने बताया कि भूस्खलन से मायला गांव को खतरा बना हुआ है। इस दौरान मत्स्य विभाग के सहनिदेशक तपेश चौहान ने बताया कि फार्म में दोबारा मत्स्य पालन शुरू करने में कई महीने का समय लगेगा। विधायक ने चिड़गांव में नदी के बहाव से बाजार को हो रहे खतरे तथा सड़क के कटाव का भी मौके पर जायजा लिया। इस दौरान विधायक के साथ कांग्रेस मंडल अध्यक्ष ईश्वर दास छवारू, जिला परिषद सदस्य सरविंद्र नेगी, पंचायत समिति अध्यक्ष रविंद्र रवि, पंचायत प्रधान मिडल सिंह, अमर सिंह धांटा, शमशेर ठाकुर, सुशीला नेगी, पूर्व प्रधान ठाकुर सैन नेगी, सतपाल गोल्डी, विरेंद्र नेगी सहित क्षेत्र के लोग उपस्थित थे।

Related posts