
बागेश्वर। क्वैराली के बाद अब द्यांगण स्थित भगवती मंदिर चोरों के निशाने पर आया है। बुधवार की रात मंदिर से तांबे का एक कलश और कुछ अन्य बर्तन चुरा लिए गए। नवागत पुलिस अधीक्षक अनंत शंकर ताकवाले ने इस मामले का शीघ्र खुलासा करने के निर्देश दिए हैं।
पांच दिन पहले क्वैराली के देवी मंदिर से चांदी के तीन छत्र चुरा लिए गए थे। इस मामले में दो किशोर पकड़े गए थे। इस मामले का खुलासा होने के बाद बुधवार की रात चोरों ने द्यांगण स्थित भगवती मंदिर से तांबे का कलश, पूजा के कुछ बर्तन आदि चुरा लिए। पूर्व प्रधान संगीता कठायत और कांग्रेस के जिला मंत्री किशन कठायत ने बताया कि मंदिर का ताला तोड़कर यह चोरी की गई। आज सुबह लोग पूजा करने मंदिर पहुंचे तो तब इस मामले का पता चला। किशन कठायत ने कोतवाली में इसकी सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस ने मंदिर जाकर निरीक्षण किया। कोतवाल यूआर आर्या ने बताया कि चोरों की तलाश चल रही है। इधर, नवागत एसपी श्री ताकवाले के कार्यभार ग्रहण करते ही उनके पास चोरी की इस वारदात के बारे में सूचना आई। उन्होेंने बताया कि कोतवाली पुलिस को इस घटना का शीघ्र खुलासा करने के निर्देश दिए गए हैं। वर्तमान समय में ठंड अधिक होने से चोरी की घटनाएं बढ़ने की आशंका रहती है। इस दौरान रात्रि गश्त बढ़ाई जाएगी।
