
चंपावत। जिले में इन दिनों क्विज प्रतियोगिता के नाम पर ठगी का कारोबार चल रहा है, जिसकी पुलिस प्रशासन को जरा भी भनक नहीं है। लोगों को अपने जाल में फंसाने के लिए शातिरों की ओर से सामान्य ज्ञान क्विज के नाम में बेहद आसान से सवाल पूछे जा रहे हैं। प्रतिभागियों से सवालों के उत्तरों को मोबाइल फोन मैसेज के माध्यम से मंगाया जा रहा है। सही जवाब देने वाले प्रतिभागियों को फोन के जरिए अव्वल रहने की सूचना देने के साथ ही उनकी कार, मोटरसाइकिल, स्कूटर आदि खुलने का प्रलोभन देकर इनामी सामान के कुल मूल्य का 10 फीसदी अग्रिम भुगतान करने को कहा जा रहा है।
मुख्यालय में इन दिनों पंपलेटों के माध्यम से लोगों को क्विज प्रतियोगिता के लिए प्रेरित किया जा रहा है। पंपलेटों में पूछे गए आसान सवालों का हर कोई जवाब दे रहा है। जिस पर संबंधित फोन नंबरों से प्रतिभागियों को बैंक एकाउंट नंबर देकर इनामी वस्तु के कुल मूल्य की 10 फीसदी धनराशि अग्रिम जमा कराने को कहा जा रहा है। अब तक कई लोग शातिरों के झांसे में आकर अग्रिम धनराशि जमा करा चुके हैं, लेकिन उन्हें अब तक इनामी वस्तु नहीं मिल सकी है। इस संबंध में कई जागरूक प्रतिभागियों ने अमर उजाला में फोन कर जानकारी दी है। दूसरी ओर पुलिस प्रशासन को इस सारे गोरखधंधे के बारे में कुछ भी जानकारी नहीं है। पुलिस अधीक्षक केएस नगन्याल का कहना है कि अभी तक इस तरह की कोई शिकायत नहीं मिली है। अलबत्ता शिकायत मिलने पर अवश्य कार्रवाई की जाएगी।
