क्वार्टर फाइनल में पहुंचा रामपुर

रामपुर बुशहर। यहां आयोजित इंटर कॉलेज क्रिकेट प्रतियोगिता में मेजबान रामपुर कॉलेज ने रिकांगपिओ को पांच विकेट से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। 26 सितंबर को क्वार्टर फाइनल में रामपुर की विश्वविद्यालय शिमला की टीम के साथ भिंड़त होगी। सोमवार को प्री क्वार्टर फाइनल में मिली जीत के साथ ही रामपुर कॉलेज ने प्रतियोगिता में लगातार तीसरी बार जीत हासिल की है।
सोमवार को हुए प्री क्वार्टर फाइनल मैच में रिकांगपिओ कॉलेज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। रिकांगपिओ ने पहले खेलते हुए निर्धारित 30 ओवरों में आठ विकेट खोकर 190 रन बनाए। रिकांगपिओ की ओर से अभिषेक नेगी ने आतिशी बल्लेबाजी करते हुए 85 गेंदों में 90 रन बनाए। जवाबी पारी में रामपुर कॉलेज ने छह ओवर शेष रहते पांच विकेट के नुकसान पर 190 रन का लक्ष्य हासिल कर जीत दर्ज की। रामपुर की ओर से जीवन नेगी ने 32 गेंदों में नाबाद 58 रन बनाए। इसके अलावा केशव ने 38 गेंदों में 42 तथा नितिश ने 15 गेंदों में 27 रन बनाए। प्रबंधक सचिव एवं कॉलेज के शारीरिक शिक्षा शिक्षक प्रो. विद्या बंधु नेगी ने बताया कि 26 सितंबर को रामपुर और विवि शिमला की टीम के साथ क्वार्टर फाइनल मैच खेला जाएगा। उन्होंने बताया कि सोमवार को मैच के मुख्यातिथि पीटीए प्रधान राजेश गुप्ता रहे। इस मौके पर संजू फुटवियर की ओर से कन्या छात्रावास के लिए एक गीजर भी दिया गया।

Related posts