क्रॉस कंट्री में स्पोर्ट्स कालेज का दबदबा

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आयोजित क्रॉस कंट्री में महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कालेज और राजकीय प्राथमिक विद्यालय रायपुर के खिलाड़ियों ने अपना दबददबा बनाया।

अंडर-14 बालक वर्ग में टॉप-6 और ओपन वर्ग के टॉप-5 में स्पोर्ट्स कालेज के खिलाड़ियों ने कब्जा जमाया। वहीं बालिका अंडर-14 और ओपन वर्ग के पहले दो स्थानों पर राजकीय प्राथमिक विद्यालय रायपुर की छात्राओं ने बाजी मारी।

जिला खेल कार्यालय के तत्वावधान में बुधवार सुबह साढ़े 7 बजे अर्जुन अवॉर्डी और ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट पदम बहादुर मल्ल ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ की शुरुआत कराई। सबसे पहले अंडर-14 बालिका वर्ग की दौड़ हुई। करीब 6 किलोमीटर की दौड़ एस्लेहॉल चौक से शुरू होकर दिलाराम चौक से होते हुए वापस एस्लेहॉल चौक पर पहुंचकर समाप्त हुई।

11 मिनट में दौड़ पूरी की
इसमें राजकीय प्राथमिक विद्यालय रायपुर की संध्या ने 11 मिनट में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। अंडर-14 बालक व बालिका ओपन वर्ग की करीब 8 किलोमीटर दौड़ एस्लेहॉल चौक से आरटीओ होते हुए वापस एस्लेहॉल पर समाप्त हुई। बालक वर्ग में स्पोर्ट्स कालेज के शुभम चौधरी 14.30 मिनट और राजकीय प्राथमिक विद्यालय रायपुर की रिंकी कुमारी ने बालिका ओपन में 17.30 मिनट में दौड़ पूरी कर पहला स्थान प्राप्त किया।

वहीं बालक ओपन वर्ग की करीब 14 किलोमीटर लंबी दौड़ दौड़ एस्लेहॉल चौक से राजपुर रोड, मसूरी डायवर्जन होते हुए वापस एस्लेहॉल पर आकर खत्म हुई। इसमें स्पोर्ट्स कालेज के नवीन परिहार ने 40.50 मिनट का समय लेकर पहला स्थान हासिल किया। समापन समारोह में अर्जुन अवॉर्डी और ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट पदम बहादुर मल्ल ने हर ग्रुप में टॉप-6 रहे विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।

इस अवसर पर पूर्व अंतरराष्ट्रीय फुटबाल खिलाड़ी सीबी थापा, जिला खेल अधिकारी राजेश ममगाई, नवनीत सेठी, शबाली गुरुंग, सरस्वती, कुमार थापा, रंजीत थापा, गमाल सिंह रावत आदि उपस्थित थे।

Related posts