क्रिकेट अकादमी पर एसोसिएशन से मांगा जवाब

मंडी। एचपीसीए के बाद मंडी के पड्डल ग्राउंड में चल रही क्रिकेट अकादमी पर भी शिकंजा कसने लगा है। खेल विभाग ने जिला क्रिकेट एसोसिएशन से अकादमी चलाने के लिए परमिशन लेने के बारे में पत्र जारी कर जवाब मांगा है। दो माह पहले एचपीसीए के सहयोग से जिला क्रिकेट एसोसिएशन ने युवा क्रिकेटरों को तराशने के लिए अकादमी शुरू की थी। जिसमें मौजूदा समय में मंडी के 50 युवा खिलाड़ी निशुल्क प्रशिक्षण हासिल कर रहे हैं।
मंडी के युवा खिलाड़ियों को क्रिकेट खेल की बेहतर ट्रेनिंग देने के लिए एचपीसीए के सहयोग से जिला क्रिकेट एसोसिएशन ने शहर के ऐतिहासिक पड्डल ग्राउंड में क्रिकेट अकादमी दो माह पहले शुरू की थी। इसमें 50 युवा खिलाड़ी निशुल्क ट्रेनिंग ले रहे हैं। गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले परिवारों के युवाओं को कोचिंग पूरी तरह से निशुल्क है। अन्य वर्ग के युवाओं से टोकन फीस के रूप में एक बार दो सौ रुपये लिया जाता है।
पड्डल में खेल कर ही ऋषि धवन जैसे क्रिकेटर को रणजी मैचों में एंट्री मिली। साथ ही आईपीएल मैचों में मुंबई टीम से ऋषि धवन अपनी बेहतरीन गेंदबाजी का प्रदर्शन कर रहे हैं। मंडी में चल रहे क्रिकेट अकादमी में प्रशिक्षण ले रहे युवाओं के अभिभावकों को उम्मीदें है कि उनका बेटा भी महान क्रिकेटर बन कर उनका नाम रोशन करेगा। खेल विभाग की ओर से अनुमति को लेकर भेजे गए पत्र को लेकर अभिभावकों में खासा रोष है। जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राणा का कहना है कि खेल विभाग की ओर से उन्हें पत्र मिला है। उसमें स्पोर्ट्स काउंसिल ने अकादमी चलाने के लिए अनुमति को लेकर जवाब मांगा है। क्रिकेट खेल में युवाओं की प्रतिभा को तराशने के लिए अकादमी शुरू की गई। जिसमें एचपीसीए ने ट्रेनिंग के लिए कोच तैनात किया है। अकादमी में बीपीएल परिवार के युवाओं को निशुल्क ट्रेनिंग की सुविधा है। जबकि, अन्य युवाओं से दो सौ रुपये टोकन फीस के रूप में लिया जाता है। आज एक गेंद की कीमत 400 रुपये है।

अनुमति लेने के बारे भेजा गया पत्र : डीएसओ
मंडी। जिला खेल अधिकारी पीएस नेगी का कहना है कि विभाग के संज्ञान में आया है कि पड्डल ग्राउंड में क्रिकेट अकादमी चल रही है। इस पर क्रिकेट एसोसिएशन को पत्र जारी कर जवाब मांगा कि अकादमी चलाने के लिए स्पोर्ट्स काउंसिल से अनुमति ली है या नहीं। अगर अनुमति नहीं ली है तो इसकी प्रक्रिया पूरी की जाए।

अभिभावकों को बच्चों के प्रशिक्षण की चिंता
मंडी। मंडी के पड्डल ग्राउंड में चल रही क्रिकेट अकादमी को लेकर खेल विभाग की ओर से पत्र जारी करने पर अभिभावकों ने रोष जताया है। अभिभावकों को इस बात की चिंता है कि अगर अकादमी को बंद किया जाता है तो उनके बच्चे क्रिकेट का प्रशिक्षण लेने से वंचित रहेंगे। अभिभावक रवि धवन, योगेश शर्मा, अमर जीत सिंह, सुरेंद्र ठाकुर, महेश चोपड़ा, दीपक शर्मा ने कहा कि मंडी में अकादमी खुलने से उनके बच्चों को क्रिकेट का निशुल्क प्रशिक्षण मिल रहा है।

Related posts