क्रशर कार्यालय में लाखों की लूट का मामला

पांवटा साहिब (सिरमौर)। जिले के गिरीपार क्षेत्र मानपुर देवड़ा क्रशर कार्यालय और देहरादून के खुदानीवाला प्रापर्टी डीलर लूट कांड में कुछ समानताएं बताई जा रही हैं। जिससे दोनों पड़ोसी राज्यों में एक ही डकैत गिरोह के सक्रिय रहने की आशंका जताई जा रही है। इसलिए हिमाचल और उत्तराखंड पुलिस टीमें जांच में एक-दूसरे के साथ समन्वय बना रही हैं।
दोनों मामलों में लुटेरों की संख्या 7-7 रही है। दोनों पड़ोसी राज्यों की पुलिस टीमें लूट कांड की जांच में आपसी सहयोग कर रही हैं। पांवटा से पुलिस जांच टीमें पड़ोसी राज्यों उत्तराखंड, उत्तरप्रदेश और हरियाणा भेजी हैं। पिछले सोमवार देर रात दो बजे मानपुर देवड़ा के एक क्रशर कार्यालय में लूट कांड हुआ। क्रशर कार्यालय के कर्मचारियों को बंदूक की नोक पर बंधक बना 3.20 लाख की नकदी लूट ली गई। इस मामले में डकैत बंदूकों और तमंचे से लैस थे। कर्मचारियों को बंधक बना कर लूट कांड को अंजाम दिया गया। इस मामले में डकैतों की संख्या 7 बताई जा रही है।
इनमें से दो आरोपियों के अपराध शाखा शिमला से स्केच जारी होंगे। उधर, उत्तराखंड के रायपुर सहस्रधारा सड़क पर खुदानीवाला में भी विगत सप्ताह इसी तरह का एक लूट कांड हुआ है। जिसमें प्रापर्टी डीलर कुणाम सरीन के घर दिनदिहाड़े डकैती हुई। इस लूट में भी डकैतों की संख्या 7 बताई जा रही है। इनमें से दो आरोपियों के हुलियों के आधार पर उत्तराखंड पुलिस ने स्केच भी जारी किए हैं। हिप्र पुलिस भी मानपुर देवड़ा क्रशर कार्यालय लूट कांड के दो आरोपियों के स्केच जारी करवा रही है। जिससे इस मामले की जांच को आगे बढ़ाया जा सके।
उधर, थाना प्रभारी पांवटा भगत राम मेहता ने कहा कि पड़ोसी राज्य की पुलिस से संपर्क में है। उत्तराखंड के खुदानीवाला गांव में भी लूट कांड पिछले सप्ताह हुआ। इसलिए दोनों राज्यों के पुलिस जांच दल आपसी में समन्वय बनाए हुए हैं। लूट कांड के सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच जारी है। जिससे आरोपियों को शीघ्र दबोचा जा सके।

Related posts