
द्वाराहाट। मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा के कार्यक्रम को देखते हुए लोनिवि ने खराब पड़ी सड़कों के पैच भरने का कार्य शुरू कर दिया है। लोगों का कहना है कि पहले विभाग को कार्य करने की सुध नहीं रहती, जब मुख्यमंत्री अथवा अन्य कोई मंत्री आते हैं तो अपनी बचाने के लिए विभाग जोड़ तोड़ की कोशिशों में जुट जाता है। अधिकारियों को आम जनता से कोई सरोकार नहीं है। दूसरी तरफ कुमाऊं मंडल विकास निगम के गैस्ट हाउस की हालत भी खराब है। लाखों खर्च करने के बाद भी वह अनुपयोगी साबित हो रहा है। चारों तरफ झाड़ियां उगी हैं। कालीखोली स्थित सड़क किनारे विभाग की लापरवाही के कारण लोहे के विद्युत पोल की जड़ें सड़ चुकी हैं। कभी भी दुर्घटना हो सकती है। एक साल पहले करंट लगने से गाय भी मर गई थी। एक व्यक्ति भी करंट लगने से झुलस गया था। लोगों का कहना है कि पोल दुकान के सामने हैं। तारें दुकान की छत चूम रही है।
