कौशल विकास भत्ते के लिए 2500 युवाओं का चयन : डीसी

नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर में कौशल विकास कार्यक्रम के प्रथम चरण में जिला के विभिन्न सरकारी एवं गैर सरकारी शिक्षण संस्थानों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 2500 युवाओं का इस कार्यक्रम के लिए चयन कर लिया गया है जिनमें से 394 युवाओं द्वारा निर्धारित प्रपत्र भरकर रोजगार कार्यालय में जमा करवा दिए गए हैं। इन युवाओं को अक्तूबर से प्रतिमाह एक हजार रुपये बेरोजगारी भत्ता प्रदान किया जाएगा।
यह जानकारी उपायुक्त सिरमौर विकास लाबरू ने कौशल विकास भत्ता कार्यक्रम की प्रगति बारे समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने कहा कि आगामी 28 सितंबर को जिला में कार्यरत समस्त खंड विकास अधिकारी एवं पंचायत सचिवों की बैठक आयोजित की जा रही है जिसमें इस कार्यक्रम को निचले स्तर तक कार्यान्वित करने के लिए ठोस प्रारूप तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी बीडीओ एवं पंचायत सचिवों को निर्देश दिए गए हैं कि संबंधित क्षेत्र में चल रहे शिलाई, कढ़ाई, बुनाई, कंप्यूटर इत्यादि प्रशिक्षण केंद्रों की सूची एवं इनमें प्रशिक्षण की व्यवस्था संबंधी रिपोर्ट बैठक में साथ लेकर आएं ताकि इस कार्यक्रम के तहत ग्रामीण क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को भी शामिल किया जा सके।
योजना को कारगर बनाने के लिए नियमों में संशोधन करके सरल बनाया गया है। आवेदनकर्ता की आयु 18 से 36 वर्ष तथा न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता दसवीं रखी गई है। जिला के सभी रोजगार कार्यालयों में इसके लिए निशुल्क आवेदन पत्र उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि योजना का लाभ पाने के लिए लाभार्थी का नाम प्रार्थना पत्र देने की तिथि पर प्रदेश के किसी भी रोजगार कार्यालय में दर्ज होना चाहिए। उन्होंने कहा बेरोजगार होने का शपथ पत्र अभ्यर्थी द्वारा स्वयं सत्यापित किया जाएगा जबकि आयु प्रमाण पत्र सक्षम राजस्व अधिकारी द्वारा जारी किया गया ही मान्य होगा।
अभ्यर्थियों को दो वर्ष तक प्रशिक्षण के दौरान एक हजार रुपये एवं शारीरिक रूप से अक्षम युवाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह का कौशल विकास भत्ता दिया जाएगा जिसके लिए संबंधित अभ्यर्थी को किसी भी बैंक में अपना खाता खोलना होगा।

Related posts