
चंबा। वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने बेरोजगारी कौशल भत्ता के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इससे प्रदेश के 20 हजार के करीब युवाओं को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। जमा दो पास कोई भी बेरोजगार जिसका नाम दो साल से रोजगार कार्यालय में पंजीकृत हो। इसके अलावा किसी कौशल विकास पाठ्यक्रम में पंजीकृत हो व उसकी आयु 25 से 35 वर्ष के बीच हो वह दो वर्ष तक एक हजार रुपये कौशल विकास भत्ता पाने का हकदार होगा। अक्षम बेरोजगारों के लिए यह राशि 1500 रुपये मासिक है। प्रदेश के पात्र बेरोजगार युवा संबंधित रोजगार कार्यालय में फार्म भरकर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। वन मंत्री ने बताया कि छह साल का कार्यकाल पूरा कर चुके अनुबंध कर्मचारी व सात साल का कार्यकाल पूरा करने वाले दैनिक भोगी कर्मचारियों को नियमित किया जाएगा। पीटीए, टीजीटी व सीएंडवी अध्यापकों के मासिक वेतन में बढ़ोतरी कर दी गई है। प्रदेश में विभिन्न विभागों में प्रदेश सरकार की ओर से चार हजार के करीब युवाओं के लिए नौकरी की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने कहा कि आईटीआई, आईआईएम व आईएमएस में चयनित होने वाले युवाओं को इस वर्ष के बजट में 75 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान किया गया है। प्रदेश सरकार सभी वर्गों के समान विकास व उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। पीटीए शिक्षकों का मानदेय 7250 रुपये से बढ़ाकर 10875 रुपये किया गया है। इसके अलावा टीजीटी का मानदेय 6950 रुपये से बढ़ाकर 10425 और सीएंडवी अध्यापकों का मानदेय 6750 रुपये से बढ़ाकर 10125 रुपये कर दिया गया है। वन मंत्री अपने भरमौर दौरे से पहले स्थानीय सर्किट हाउस में ठहरे थे। बुधवार को सुबह ही उनसे मिलने वालों का तांता लगा रहा। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और फिर भरमौर रवाना हुए।
