कौन पहुंचा नाहन के एमलएलए के दरबार?

सोलन। अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ की सोलन शहरी इकाई के चुनाव विवादों में हैं। उपायुक्त कार्यालय कर्मचारी संघ के प्रधान जीत राम कश्यप ने प्रेस बयान जारी करते हुए ताजा चुनावों की कार्यकारिणी से किनारा करने का ऐलान किया है।
सर्वसहमति से हुए चुनावों को झूठा करार देते हुए 31 जुलाई को समानांतर इकाई के चुनावों की घोषणा कर डाली है। उन्होंने कहा कि कांगड़ा हमीरपुर मैत्री सभा के सभागार में अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ की सोलन शहरी इकाई के चुनावों के नाम पर महासंघ के पूर्व पदाधिकारी के समर्थकों, कांगड़ा हमीरपुर मैत्री सभा के सदस्यों, मनरेगा से संबंधित कामगारों तथा विभाग विशेष के कर्मचारियों ने बैठक की। कथित बैठक के उपरांत कुछ पदाधिकारी बाद में नाहन के विधायक से आशीर्वाद भी लेने गए। बैठक में चुपचाप अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ की सोलन शहरी इकाई की घोषणा कर दी गई, जो महासंघ के संविधान के खिलाफ है। कर्मचारियों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने की कोशिश की है। लोगों को लुभाने के लिए धाम का आयोजन भी किया गया। अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ की सोलन शहरी इकाई के चुनावों की सूचना भी सही ढंग से नहीं दी गई। इस तरह के चुनावों को मान्यता नहीं दी जा सकती है। अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के कुछ स्वयंभू नेताओं ने कर्मचारियों को भ्रमित करने का प्रयास भर किया है। अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ की सोलन शहरी इकाई के चुनाव 31/07/2013 को दोपहर एक बजे उपायुक्त कार्यालय सोलन में होंगे।

Related posts