को-आपरेटिव बैंक में टूटे ताले

भराड़ी (बिलासपुर)। उपमंडल घुमारवीं के तहत मंगलवार रात चोरों ने एक को- आपरेटिव बैंक के ताले तोड़कर चोरी का प्रयास किया। ताला तोड़ने के बावजूद चोर चोरी नहीं कर पाए। कार्यालय के रिकार्ड से छेड़छाड़ की गई है। कागजात गायब होने की भी आशंका जाहिर की जा रही है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चोरी का मामला दर्ज किया है। अभी तक ताले तोड़ने वालों का सुराग नहीं लग सका है।
जनपद बिलासपुर में चोरी की बढ़ती घटनाओं ने लोगों में खौफ है। चोरों के हौसले बुलंद हैं। इससे लोग अपनी संपत्ति की सुरक्षा को लेकर चिंतित है। सोमवार रात झंडूता में चोरों ने पीएनबी के एटीएम को तोड़कर चोरी का प्रयास किया था। ताजा घटनाक्रम में पडयालग स्थित दधोल एग्रीकल्चरल को आपरेटिव सोसायटी के बैंक कार्यालय में चोरों ने चोरी के इरादे से ताले तोड़ दिया। सोसाइटी के सचिव हेमराज निखिल ने बताया कि हर रोज की तरह बुधवार को भी वह सुबह करीब नौ बजे कार्यालय में पहुंचे। कार्यालय में लगे तीनों ताले टूटे हुए देख उसके होश उड़ गए। इसकी सूचना उन्होंने तुरंत पुलिस को दी। अज्ञात चोरों ने कार्यालय के रिकार्ड के साथ भी छेड़छाड़ की है। कार्यालय के साथ लगते कृषि क्लीनिक के ताले तोड़कर छोटा-मोटा सामान चोरों ने चुरा लिया गया है। रिकार्ड से छेड़छाड़ हुई है। कागजात देखने के बाद ही पता चल सकेगा कि रिकार्ड से कुछ कागजात गायब तो नहीं हुए हैं। उधर, डीएसपी घुमारवीं अंजनी जस्वाल ने बताया कि इस बारे में जांच की जा रही है। जल्द ही इस गुत्थी को सुलझा दिया जाएगा।

Related posts