कोहिनूर सभा के प्रधान ने दिया इस्तीफा

मलोखर (बिलासपुर)। बागा सीमेंट उद्योग से ढुलान का कार्य कर रही कोहिनूर सर्व हितकारी परिवहन सहकारी सभा रानीकोटला के अध्यक्ष ने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है। इसे सभा में कथित वित्तीय अनियमितताओ तथा गाड़ियों के पंजीकरण को लेकर उपजे विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। कयास लगाए जा रहे हैं कि आने वाले समय में सभा के कुछ अन्य नुमाइंदे भी ऐसा ही कदम उठा सकते हैं।
जानकारी के अनुसार कोहिनूर सभा के ट्रक ऑपरेटरों ने कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर कार्यकारिणी के खिलाफ मोरचा खोल रखा है। इसकी शिकायत पंजीयक सहकारी सभाएं से भी की गई है। गाड़ियों के पंजीकरण को लेकर भी विवाद चल रहा है। आरोप है कि सभा के सदस्यों को दरकिनार करके सभा प्रबंधन चहेतों की गाड़ियों को मनमाने ढंग से ढुलान कार्य दे रहा है। इसके चलते पात्र होने के बावजूद सदस्यों को काम नहीं मिल रहा है। ऑपरेटरों की ओर से कार्यकारिणी को भंग करने की मांग भी उठ रही है।
इस बीच कोहिनूर सभा के प्रधान प्रेम सिंह ठाकुर ने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है। उनका कहना है कि पारिवारिक समस्या की वजह से उन्होंने पद से इस्तीफा दिया है, लेकिन इसे ऑपरेटरों द्वारा सभा प्रबंधन के खिलाफ खोले गए मोरचे का नतीजा माना जा रहा है।

Related posts