कोलडैम एत्थी लगेया ओ जानी मेरिये’

बिलासपुर। जिला युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के तत्वावधान में राष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गुरुकुल टेक्निकल इंस्टीट्यूट बिलासपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कई स्पर्धाएं भी करवाई गईं, जिनमें युवाआें ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। विजेता प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह व नकद पुरस्कार भेंट किए गए।
राष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता गुरुकुल इंस्टीट्यूट के सेंटर हेड राजेश वर्मा ने की, जबकि निदेशक पवन शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान चित्रकला, निबंध लेखन, लोकगीत व वाद-विवाद स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। चित्रकला स्पर्धा में आशीष व रवि, जबकि निबंध लेखन में कंचन ठाकुर व अक्षिता चंदेल ने क्रमबद्ध रूप से पहले दो स्थान हासिल किए। वाद-विवाद स्पर्धा में नीरज ग्रुप पहले तथा पंकज ग्र्रुप दूसरे स्थान पर रहा।
लोकगीत स्पर्धा में गुरुकुल इंस्टीट्यूट के सलमा एंड ग्रुप की प्रस्तुति ‘कोलडैम एत्थी लगेया ओ जानी मेरिये’ अव्वल आंकी गई। शिव शक्ति महिला मंडल तलवाड़ा की प्रस्तुति ‘ओ नौकरा, अंब पके ओ घर आ’ दूसरे स्थान पर रही। निर्णायक मंडल में सुनीता ठाकुर, अभिषेक सोनी व अमर शामिल रहे। इस मौके पर युवा स्वयंसेवी राज वर्मा, रूप सिंह ठाकुर व नरेश टंडन आदि भी मौजूद थे। राज वर्मा ने बताया कि विभिन्न स्पर्धाओं के विजेता प्रतिभागी 19 जनवरी को सोलन के वाकनाघाट स्थित बहारा यूनिवर्सिटी में आयोजित किए जाने वाले राज्य स्तरीय युवा उत्सव में भाग लेंगे।

Related posts