
कोर्ट में चलेंगे अवैध खनन के मामले
दाड़लाघाट (सोलन)। अवैध खनन को लेकर प्रशासन ने माफिया पर शिकंजा कस दिया है। सोलन मंडल में पकड़े गए अवैध खनन के 19 मामले कोर्ट में चलेंगे। कुल 40 मामलों में कार्रवाई प्रक्रिया जारी थी। 31 मामलों में 01 लाख 88 हजार का चालान वसूला जा चुका है। इस संबंध में सोलन और अर्की में माइनिंग विभाग की उपमंडल प्रशासन के साथ बैठकों में यह खुलासा हुआ है। शनिवार को दाड़लाघाट और अर्की में माइनिंग विभाग की संयुक्त टीमों ने औचक निरीक्षण भी किए।
जिला माइनिंग अधिकारी सरित चंद्र इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि अवैध खनन को रोकने के लिए सोलन तथा अर्की में बैठकें हुई हैं। इस दौरान पुलिस, आईपीएच, लोक निर्माण विभाग, वन विभाग, पंचायती राज और जिला प्रशासन ने सहभागिता की। बैठक में अवैध खनन से सख्ती से निपटने का मुद्दा भी उठाया और सरकारी निर्देशों के तहत सख्ती बरतने पर विचार विमर्श हुआ। सोलन में आयोजित बैठक में एसडीएम टाशी संडुप, डीएसपी एचके ठाकुर, बीडीओ बीआर शर्मा, आरएफओ आरएस वर्मा, आईपीएच एसडीओ रितेश गुप्ता, आरटीओ नीतिन गुप्ता, अर्की में एसडीएम एलआर वर्मा, डीएसपी विनोद कुमार और एसीएफ एसके शर्मा मौजूद रहे।
