
धर्मशाला। स्थानीय अदालत परिसर में दो गुटों के बीच झड़प हो गई। इस दौरान एक व्यक्ति को काफी चोटें आई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार एक लड़की ने दुराचार का मामला दर्ज करवाया था। मामला अब कोर्ट में चल रहा है।
शुक्रवार को कोर्ट में आरोपी की पेशी थी। इसी दौरान आरोपी का पिता भी कोर्ट में बेटे के साथ मौजूद था। वहीं, दुराचार पीड़िता का पिता भी कोर्ट परिसर में ही था। ऐसे में दोनों गुटों के बीच बात इतनी बढ़ गई थी कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। सूत्रों के मुताबिक लड़की के पिता ने आरोपी के पिता की कोर्ट कांप्लेक्स में ही धुनाई कर डाली। इस दौरान आसपास खड़े लोगों ने भी मामले को शांत करने की कोशिश की। लेकिन, उसका गुस्सा शांत नहीं हो पा रहा था। बाद में लोगों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर लड़की के पिता को हिरासत में लिया। पुलिस ने शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली है। उधर, एएसपी मोहित चावला ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि लड़की के पिता को शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मामले में गहनता से छानबीन की जाएगी।
