कोर्ट जाएंगे निजी इंजीनियर कालेज प्रबंधक

हमीरपुर: प्रदेशभर में चल रहे करीब 20 निजी बहुतकनीकी एवं इंजीनियरिंग कालेजों में पढऩे वाले करीब 40 हजार विद्यार्थियों एवं 5 हजार शिक्षकों के भविष्य पर तलवार लटक सकती है। प्रदेश सरकार के तुगलकी फरमान के चलते अब प्रदेश में निजी इंजीनियरिंग कालेजों में उन्हीं विद्यार्थियों को दाखिला मिलेगा जिनके जमा 2 में 65 प्रतिशत से अधिक अंक होंगे लेकिन सरकार के इस फैसले के विरुद्ध वीरवार को हमीरपुर में हिमाचल प्रदेश निजी बहुतकनीकी एवं इंजीनियरिंग कालेज संघ की एक बैठक गौतम कालेज में संघ के प्रदेशाध्यक्ष रजनीश बंसल की अध्यक्षता में हुई जिसमें संघ के महासचिव निक्का राम, सदस्य रजनीश गौतम, इंजी. विनोद ठाकुर, भूपेंद्र शर्मा व सूरज पाठक सहित समस्त कालेजों के प्रबंधक मौजूद रहे।

 

बैठक में निर्णय लिया गया कि पूरे देश में एआईसीटी द्वारा निजी इंजीनियरिंग कालेज में दाखिला लेने के लिए विद्यार्थियों को जमा 2 में 45 प्रतिशत अंकों की शर्त अनिवार्य रखी गई है लेकिन प्रदेश सरकार में तकनीकी मंत्री जीएस बाली द्वारा प्रदेश में निजी इंजीनियरिंग कालेजों में विद्यार्थियों के दाखिले के लिए जमा 2 में 65 प्रतिशत के अंकों की शर्त रखकर प्रदेशभर में चल रहे 20 से ज्यादा इंजीनियरिंग कालेजों को बंद करने की कोशिश की जा रही है जिसका संघ विरोध करता है।

 

संघ के पदाधिकारियों ने निर्णय लिया कि सरकार के इस तुगलकी फरमान के विरुद्ध संघ 15 जनवरी तक माननीय उच्च न्यायालय में याचिका दायर करेगा। संघ कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी अंबिका सोनी तथा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी से भी इस बारे में मिलेगा और तकनीकी मंत्री के इस तुगलकी फरमान की शिकायत करेगा।

Related posts