
नई दिल्ली
देश में कोरोना संक्रमण के नए मामलों में बढ़ोतरी लगातार जारी है। देश में मृतकों का आंकड़ा 40 हजार के पार पहुंच गया है। गुरुवार को कोरोना के 56,283 नए मामले सामने आए। आंकड़ों के अनुसार, यह लगातार आठवां दिन है जब 50,000 से अधिक कोविड-19 के मामले सामने आए हैं। वहीं, अच्छी बात यह है कि संक्रमण से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या 13 लाख के पार पहुंच गई है और जांच में तेजी आई है। गुरुवार सुबह अद्यतन किए गए आंकड़े के अनुसार, पिछले 24 घंटे में 904 लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 40,699 हो गई है। देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 19,64,537 हो गए हैं, जिनमें से 5,95,501 लोगों का उपचार चल रहा है और 13,28,337 लोग उपचार के बाद इस बीमारी से उबर चुके हैं। संक्रमण के कुल मामलों में विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। आंकड़ों के अनुसार मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 67.62 फीसदी हो गई है जबकि मृत्यु दर में गिरावट आई है और यह 2.07 फीसदी है। वहीं, 30.31 फीसदी मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।
पिछले 24 घंटे में छह लाख 64 हजार से ज्यादा नमूनों की जांच
वैज्ञानिक और आईसीएमआर के मीडिया समन्वयक डॉक्टर लोकेश शर्मा ने बताया कि देशभर में पांच अगस्त तक परीक्षण किए गए कोरोना नमूनों की कुल संख्या 2,21,49,351 है। जिसमें 6,64,949 नमूनों का परीक्षण गुरुवार को ही किया गया है।
