कोरोना टेस्ट जिला अस्पतालों में भी करवाने पर सरकार कर रही है विचार

शिमला

अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य आईडी धीमान
हिमाचल सरकार जिला अस्पतालों में भी कोरोना टेस्ट करवाने पर विचार कर रही है। सरकार ने केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव से इस बारे में बात की है। हिमाचल में अभी यह सुविधा मेडिकल कॉलेजों में ही उपलब्ध है। जिलों में सुविधा मिलने से आने वाले समय में लोगों को काफी राहत मिलेगी। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने बीते गुरुवार को राज्यों के स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंस की थी। अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य आरडी धीमान ने केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव से कोरोना टेस्ट करने का दायरा बढ़ाने का मामला उठाया था।

धीमान ने करीब 20 मिनट तक हिमाचल में कोरोना की स्थिति और मामलों पर विस्तृत चर्चा की।  कोरोना से निपटने के लिए उपकरण आदि खरीदने पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि हिमाचल में जो मामले हैं, इनमें कोई भी व्यक्ति गंभीर नहीं है। सभी मरीज धीरे-धीरे पॉजिटिव से निगेटिव हो रहे हैं। अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य आईडी धीमान ने केंद्रीय सचिव को बताया कि जिला सोलन, कांगड़ा, मंडी और हमीरपुर में नए मामले आने के साथ मरीज ठीक भी हो रहे हैं। आशा वर्करों से लेकर चिकित्सक भी फील्ड में तैनात किए गए हैं। उन्होंने हिमाचल में कोरोना जांच के लिए और किट उपलब्ध करवाने की बात कही है।

 

Related posts