कोरोना के इलाज की फीस होगी तय, पालन न करने वाले निजी अस्पताल होंगे बंद

चंडीगढ़

कैप्टन अमरिंदर सिंह (फाइल फोटो)

मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा है कि पंजाब सरकार निजी अस्पतालों में कोविड-19 के इलाज के लिए कीमतें निर्धारित करेगी और इसका पालन न करने वाले अस्पताल बंद कर दिए जाएंगे। फेसबुक पर लाइव प्रोग्राम ‘कैप्टन से सवाल’ के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि निजी अस्पतालों और क्लीनिकों के लिए फीस ढांचे को सोमवार तक अंतिम रूप दिया जाएगा।

निजी अस्पतालों द्वारा ज्यादा फीस लेने की शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने इसको ‘जन विरोधी और देश विरोधी’ करार दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि निजी संस्थाओं को लोगों की जिंदगी की कीमत पर लाभ कमाने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
बाहरी लोगों के कारण बढ़े कोरोना के मामले
अमरिंदर सिंह ने राज्य में कोरोना के केस बढने पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि इसका कारण बड़ी संख्या में बाहर से आए लोगे हैं। उन्होंने बताया कि प्रांतीय सरहद पार कर आने वालों के लिए कोविड टेस्ट का सर्टिफिकेट लाजिमी करने के लिए राज्य को इजाजत देने की केंद्र सरकार से मंजूरी मांगी है। प्रधानमंत्री की मुख्यमंत्रियों के साथ हुई मीटिंग के दौरान भी उन्होंने यह मसला उठाया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल के दिनों में केवल दिल्ली से 87000 कारें पंजाब में दाखिल हुईं और बाहरी व्यक्तियों के कारण ही कोविड के मामलों में विस्तार हुआ है।

स्वास्थ्य सेवाओं का दिया ब्योरा
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी और निजी अस्पतालों के पास 551 वेंटिलेटर पहले ही मौजूद हैं और 93 का आर्डर किया जा चुका है। राज्य सरकार की तरफ से 4 लाख एन-95 मास्कों के आदेश दिए जा चुके हैं, ताकि 9.25 लाख के पहले के स्टाक को और बढ़ाया जा सके। सरकारी अस्पतालों में 6000 बेड और निजी अस्पतालों में अन्य 900 बेड तैयार हैं, जबकि मौजूदा समय 2500 बेड लग चुके हैं। दूसरे चरण में 10 हजार बेड और तैयार करने और तथा तीसरे चरण में 30000 बेड तैयार करने की योजना है।

इन सवालों का भी मुख्यमंत्री ने दिया जवाब
कुछ उद्योगपतियों द्वारा अपने खर्च पर श्रमिकों को वापस लाने की जताई गई इच्छा पर कहा कि उनका स्वागत है लेकिन 14 दिनों के घरेलू एकांतवास को यकीनी बनाने की जरूरत है।
जालंधर में सामजिक दूरी के नियमों की बड़े स्तर पर हो रहे उल्लंघन पर कहा कि डीसी और जिला पुलिस प्रमुख को नियमों को सख्ती से लागू करने संबंधी निर्देश देंगे।
होशियारपुर निवासी की तरफ से विद्यार्थियों को परीक्षा के लिए जालंधर के एक पेशेवर संस्थान में भेजे जाने संबंधी सवाल पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जालंधर अब सीमित जोन नहीं है और राज्य सरकार की तरफ से माइक्रो जोन नीति अपनाई जा रही है। माइक्रो सीमित जोनों को छोड़कर विद्यार्थियों के जालंधर में परीक्षा देने जाने पर कोई रोक नहीं है।
एक नौजवान ने बताया  कि वह ‘मिशन फतेह ’ में शामिल है और यदि कोवा एप पर पंजाब में ज्यादा प्वाइंट जीतता है तो वह उनसे मिलना चाहेगा। इस पर सीएम ने कहा कि वह उसके साथ चाय का कप साझा करेंगे। उन्होंने कहा कि वह सभी विजेताओं के लिए मेजबानी करेंगे। मुख्यमंत्री की तरफ से नौजवानों के एक ग्रुप को चण्डीगढ़ आने पर उनसे मिलने का भी न्योता दिया गया।
यूपी में सिखों के उजाड़े जाने के मुद्दे पर कैप्टन ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी अदित्यनाथ के साथ बात की गई है और उम्मीद है कि वह इसे रोकेंगे। यदि ऐसा नहीं हुआ तो वह प्रधानमंत्री के सामने मुद्दा उठाएंगे।

 

Related posts