कोरग्रुप के सदस्य रखेंगे सरकारी राहत पर नजर

नई टिहरी। आपदा प्रभावित क्षेत्रों में हर जरूरतमंद को सरकार की ओर से दी जाने वाली राहत पर कोरग्रुप के सदस्य नजर रखेंगे। इसके लिए टीम प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लेगी। जिला न्यायालय में आयोजित बैठक में जिला जज कांता प्रसाद ने कहा कि जिले में आपदा से प्रभावित परिवार राहत के लिए सीजेएम को भी आवेदन पत्र साक्ष्य के साथ दे सकते हैं। न्यायालय इसका संज्ञान लेकर उन्हें लाभ दिलाने में सहयोग करेगा।
जिला जज ने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्र प्रतापनगर, घनसाली, देवप्रयाग, कीर्तिगनर और नरेंद्रनगर में कोरग्रुप का गठन किया गया है। इस माह के प्रथम सप्ताह तक ग्रुप अपनी निरीक्षण रिपोर्ट सौपेंगे। उन्होंने कहा कि सबका यह प्रयास होना चाहिए कि कोई भी प्रभावित परिवार राहत से वंचित न रहे। उन्होंने कोरग्रुप के सदस्यों से कहा कि फोटोग्राफी ओर वीडियोग्राफी में जो भी खर्च आएगा उसे विधिक सेवा प्राधिकरण से दिया जाएगा। जिला जज ने टीम को भोजन, पेयजल, आवास, यातायात, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधा, विद्युत, प्रभावित कमजोर वर्ग, असहाय बच्चो एवं महिलाओं की सुरक्षा के इंतजाम, जनहानि, निजी संपत्तियां, पशु, कृषि भूमि, जानवर का मुआवजा के बाबत रिपोर्ट देनी होगी। इस मौके पर सीजेएम शादाब बानों, एडीएम प्रवेशचंद्र डंडरियाल, डिप्टी सीएमओ डा. बीएस रावत, शासकीय अधिवक्ता सीपी चंद, राजेेंद्र असवाल, उमादत्त डंगवाल, बार संघ के अध्यक्ष अनिल शर्मा, सचिव वीरेंद्र कठैत, देवेंद्र दुमोगा, प्रेमसिंह बिष्ट, विनय सेमवाल और आपदा के नोडल अधिकारी नीरज गुप्ता आदि मौजूद थे।

Related posts