कोडगा में आधार कार्ड बना मुसीबत

सतौन (सिरमौर)। शिलाई विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत कोडगा में अभी तक ग्रामीणों के आधार कार्ड नहीं बन पाए हैं। आधार कार्ड न बनने से ग्रामीणों को सरकारी तथा गैर सरकारी कार्यों की पूर्ति के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कुछ माह पूर्व आधार कार्ड बनाने के लिए एक टीम कोडगा पंचायत पहुंची थी लेकिन विद्युत आपूर्ति नहीं मिलने के कारण टीम बैरंग वापस लौट आई।
हालत यह है कि अभी तक कोई भी टीम आधार कार्ड बनाने के लिए पंचायत में दोबारा नहीं पहुंची। पंचायत प्रधान जोगेंद्र कपूर ने बताया कि आधार कार्ड नहीं बनने से ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामकाज विशेषकर कार्यालयों के काम निपटाने में दिक्कत पेश आ रही है।
बिना आधार कार्ड के सबसे ज्यादा परेशानी बैंकों तथा स्कूलों के कार्यों को निपटाने में पेश आ रही है। क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों में इन दिनों छात्रों के स्कालरशिप तथा प्रवेश प्रक्रियाएं चल रही हैं। इसके लिए आधार कार्ड महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। पंचायत प्रधान ने सरकार से मांग की है कि क्षेत्र में जल्द आधार कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू की जाए।
क्षेत्र में आधार कार्ड बनाने की प्रक्रिया देख रहे फूड इंस्पेक्टर श्याम भाटिया ने बताया कि बीते दिनों कोडगा पंचायत में विद्युत आपूर्ति बाधित थी। इस कारण ग्रामीणों के आधार कार्ड नहीं बन सके। इसके बारे में जल्द ही टीम को कोडगा पंचायत में भेजा जा रहा है।

Related posts