कोटेश्वर महादेव के दर्शन को उमड़ा सैलाब

कुमारसैन (शिमला)। यहां चल रहे चार साला मेले के दूसरे दिन कुमारसैन क्षेत्र के अधिष्ठाता देवता कोटेश्वर महादेव और बूढ़ा देवता बुधवार को दरबार मैदान में पहुंचे। इससे पहले अगला बाजार में रांगल के पास कोटेश्वर महादेव के बजीर देवता मरिछ का मिलन देख कर यहां उपस्थित सैकड़ों श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। देव दर्शन के लिए दरबार मैदान में करीब बीस हजार श्रद्धालु उपस्थित थे। लोगों ने मेले में पहुंच कर देवता के दर्शन किए। चार साल बाद आयोजित होने वाले इस मेले में क्षेत्र के चार देवता भाग लेते हैं। इनमें कोटेश्वर महादेव चार साल बाद रथ पर सवार होकर मंदिर से बाहर आते हैं, जिसके चलते क्षेत्र के लोगों को चार साल बाद देवता के दर्शन करने का मौका मिलता है। लोगों में मान्यता है कि जब ये चारों देवता एक साथ बैठे होते हैं तो उस समय मांगी गई हर मुराद पूर्ण होती है। मेले में कुमारसैन क्षेत्र के जो लोग दूसरे जिलों या फिर राज्यों में रहते हैं उनका भी मेले में पहुंचना आवश्यक है। आठ दिन तक चलने वाले इस मेले में हर रोज सैकड़ों लोग देवता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

Related posts