
ददाहू (सिरमौर)। गिरिपार क्षेत्र की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटी-धमान में शिक्षकों की भारी कमी के चलते स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। इस कारण शिक्षा विभाग एवं सरकार के प्रति अभिभावकों में गहरा रोष हैं। ग्रामीण पिछले लंबे समय से स्कूल में रिक्त पड़े पदों को भरने की मांग करते आ रहे हैं लेकिन उनकी मांग पर सरकार एवं शिक्षा विभाग ने अभी तक गौर नहीं किया।
स्कूल प्रबंधन समिति की प्रधान विद्या देवी, सदस्य वीरेंद्र सिंह, वीर सिंह, भीम सिंह, अमर सिंह एवं बलदेव तोमर ने बताया कि स्कूल में पिछले लंबे अरसे से शारीरिक शिक्षक, डीपी, टीजीटी, डीएम, गणित सहित लिपिक के दो पद, वरिष्ठ सहायक का एक पद एवं प्रधानाचार्य का पद रिक्त हैं। इसके चलते बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है। वार्षिक परीक्षाएं सिर पर होने के कारण बच्चों को अपने भविष्य की चिंता सता रही है।
इसके साथ ही प्रधानाचार्य का पद रिक्त होने से स्कूल की सभी प्रशासनिक एवं अन्य गतिविधियों पर विराम लगा हुआ है। एसएमसी पिछले लंबे अरसे से इन पदों को भरने करने की मांग करती आ रही है लेकिन अभिभावकों को अभी तक कोरे आश्वासनों के सिवाए कुछ हाथ नहीं लगा।
स्कूल के कार्यवाहक प्रधानाचार्य बलिंद्र सिंह तोमर ने स्कूल में दर्जन भर पदों के रिक्त होने की पुष्टि करते हुए बताया कि रिक्त पदों की लिखित सूचना जिला उच्च शिक्षा उपनिदेशक को भेजी जा चुकी है।
