
कोटली (मंडी)। उपतहसील कोटली के अंतर्गत पिछले दिनों बारिश से भारी नुकसान हुआ है। राजस्व विभाग क्षेत्र में नुकसान का जायजा लेकर रिपोर्ट तैयार करने में जुटा है। उपतहसील के अंतर्गत अब तक बारिश से करीब पचास लाख से अधिक नुकसान आंका गया है।
कोटली उपतहसील के बलाहर गांव में गत दिनों बादल फटने से भारी तबाही हुई थी। इसके अलावा उपतहसील के अन्य क्षेत्रों में भी नुकसान हुआ है। राजस्व विभाग बारिश से हुए नुकसान का जायजा लेकर रिपोर्ट तैयार करने में जुटा है। उपतहसील कार्यालय से प्राप्त जानकारी के मुताबिक बारिश से करीब 15 बीघा कृषि योग्य भूमि पर 50 लाख का नुकसान होने का अनुमान है। इसके अलावा सात घरों को आंशिक नुकसान, 19 गौशालाएं ढहने और दो मवेशियों की मौत होने पर करीब नौ लाख 60 हजार का नुकसान हुआ है। सरकारी संपत्ति को भी पांच लाख का नुकसान होने का अनुमान है।
इधर, नायब तहसीलदार मित्र देव ने नुकसान की पुष्टि करते हुए बताया कि पूरी उपतहसील में बारिश से हुए नुकसान की रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजी जाएगी। इसके बाद प्रभावित परिवारों को राहत राशि प्रदान की जाएगी।
