
कसौली (सोलन)। दूरभाष उपमंडल परवाणू की कोटबेजा एक्सचेंज के तहत आने वाली पांच पंचायतों में लैंडलाइन फोन बंद पड़े हैं। ऐसे में सैकड़ों उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई गांव में मोबाइल सिग्नल भी काम नहीं करता, ऐसे में लोगों की परेशानियां अधिक बढ़ गई हैं।
लोगों का कहना है कि कि यह एक्सचेंज माह में पंद्रह दिन ही ठीक रहती है। विभाग के इस रवैये के चलते बीएसएनएल लैंडलाइन उपभोक्ताओं में विभाग के प्रति गहरा रोष व्याप्त है। हेमेंद्र, प्रदीप, सुशील कुमार, राजेश कुमार, हेमंत शर्मा, इंद्रदत, नीलकमल, हेमलता, सावित्री, पीतांबर, नेकराम का कहना है कि कोटबेजा एक्सचेंज महीने में पंद्रह दिन ही ठीक रहती है, जिससे परेशान होकर पहले ही दर्जनों उपभोेक्ता लैंडलाइन कनेक्शन कटवा चुके हैं।
कोटबेजा एक्सचेंज में कार्यरत कर्मचारी दीपक शर्मा ने बताया कि मीडिया डाउन चलने के कारण एक्सचेंज ठप है। एजीएम परवाणू अजमेर सिंह ने बताया कि बिजली कड़कने से एक्सचेंज के कुछ उपकरण जल गए थे, बाद में बिछी केबल सड़क खोदने वालों ने काट दी है। जल्द ही व्यवस्था दुरुस्त होगी।
