
कोटद्वार। ऋषिकेश-श्रीनगर मार्ग पर ब्यासी के पास मैरीन ड्राइव पर पानी भरने से यात्रा रुकने के बाद श्रीनगर से पौड़ी के रास्ते यातायात कोटद्वार डायवर्ट कर दिया गया। देर शाम तक कोटद्वार से होकर 5000 से अधिक वाहन दिल्ली, पंजाब, हरियाणा की ओर निकल गए थे। कोटद्वार-दुगड्डा मार्ग पर भी जगह-जगह नाले आने से यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
शनिवार देर रात से जारी बारिश के चलते ब्यासी के पास मैरीन ड्राइव पर सोमवार को करीब दस फिट पानी भर गया। इससे दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। प्रशासन ने ऋषिकेश से वाहनों के आगे जाने पर रोक लगा दी। इसी तरह श्रीनगर से भी वाहनों को ऋषिकेश मार्ग पर जाने से रोक दिया गया। सुबह श्रीनगर से वाहनों को पौड़ी के रास्ते कोटद्वार डायवर्ट किया गया। दोपहर बाद तीन बजे से यात्री वाहनों के कोटद्वार पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। देर शाम तक एक हजार से अधिक बाइक सवार जत्थे और 150 से अधिक यात्री वाहन शहर से निकल गए थे।
