कोटगढ़ में बनेगी उप तहसील : स्टोक्स

कुमारसैन (शिमला)। आईपीएच एवं बागवानी मंत्री विद्या स्टोक्स ने कहा कि सरकार कोटगढ़ में उप तहसील स्थापित करेगी। इससे कोटगढ़ समेत आसपास की बारह पंचायतों के लोगों को फायदा होगा और उन्हें राजस्व समेत अन्य कार्यों के लिए कुमारसैन के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। आईपीएच मंत्री शनिवार को नारकंडा में ब्लाक कांग्रेस की मासिक बैठक में बोल रही थीं। इस अवसर पर विद्या स्टोक्स ने कहा कि ठियोग में भाजपा के शासन में सभी तरह के काम ठप थे, लेकिन कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही यहां के विकास को तवज्जो दी है। ठियोग-कुमारसैन हलके में विकास के लिए धन की कभी कमी नहीं आने दी जाएगी। अगले पांच वर्ष में रिकार्ड तोड़ विकास कर यहां का नक्शा बदल दिया जाएगा। हलके में सड़क, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में व्यापक सुधार किया जाएगा।
उन्होंने बैठक में कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर काम करने की नसीहत भी दी। साथ ही वर्ष 2014 में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए तैयार रहने को कहा। बैठक में चुनाव के लिए युवा कांग्रेस के चार जोन भी बनाए गए। ठियोग से संजय शर्मा, मतियाना से नरेंद्र चौहान, कुमारसैन से सुनील रमचैक और जरोल वार्ड से जितेंद्र कैंथला को अध्यक्ष चुना गया। इन सभी को यूपीए सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की भी जिम्मेवारी सौंपी गई। मासिक बैठक में ठियोग-कुमारसैन ब्लाक के नाथूराम शर्मा, विजय पाल खाची, उज्जवल मेहता, ब्रह्मानंद शर्मा, शांता राजटा, सुंदर जिस्टू, प्रकाश ठाकुर, राजेंद्र वर्मा, प्रताप कौल के अलावा एसडीएम दलीप नेगी और डीएसपी सुनील नेगी समेत अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

Related posts