
कोटखाई (शिमला)। यहां आयोजित होने वाला शवाल मेला बुधवार को धूमधाम से शुरू हो गया। दो दिन तक चलने वाले इस मेले में विभिन्न कार्यक्रमों के साथ नाटियों का भी आयोजन किया जाता है। कारदार रमेश टाहु भंडारी, सीता राम पलोग भंडारी तथा गोविंद सावंत ने बताया कि मेले का आयोजन कारदार कमेटी की ओर से किया जाता है। मेले में दुर्गा माता पुजेली बुधवार और वीरवार को मेला ग्राउंड पहुंचती हैं। इस दौरान यहां मेला ग्राउंड में नाच कर पूरे ग्राउंड का चक्कर लगाते हैं। इस दौरान मेले कमेटी के लोग नाटियां भी डालते हैं। इसके बाद माता की पूजा की जाती है। बाद में लोग माता के दर्शन करते हैं। मेले के लिए दुर्गा माता पुजेली अपने मंदिर से लगभग पांच किमी पैदल मेला ग्राउंड तक पहुंचती हैं, जबकि रास्ते में गांव वाले माता के दर्शन के लिए फूलों की माला लेकर माता का स्वागत करते हैं। मेले के दूसरे दिन कोटखाई के सभी सरकारी कार्यालय बंद रहते हैं। जबकि, मेले के लिए पुलिस विभाग की ओर से सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।
