
कोटखाई। गरावग पंचायत के चेवर नाले में पुलिस ने पिकअप जीप से अवैध लकड़ी बरामद की है। पुलिस ने मौके से लकड़ी सहित जीप को कब्जे में लिया है। अवैध लकड़ी के कारोबार में संलिप्त चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को सूचना मिली कि गरावग पंचायत के शांऊ गांव से वाहन में अवैध लकड़ी जा रही है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर चेवर नाले में नाका लगा कर गांव की ओर से आ रही पिकअप जीप की तलाशी ली। इस दौरान पुलिस को जीप में देवदार के करीब चालीस फट्टेे मिले हैं। पुलिस के पूछने पर जीप में सवार लोग लकड़ी के कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके। पुलिस ने जीप चालक अनुज व गरावग पंचायत के शांऊ गांव निवासी भरत चौहान व जीप में सवार अन्य दो नेपाली मजदूरों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान पुलिस को पता चला कि लकड़ी अवैध रूप से वाहन में भरी गई थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया है। कोटखाई के थाना प्रभारी गौरी दत्त शर्मा ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ चल रही है। चार लोगों को गिरफ्तार कर उनसे वाहन व लकड़ी कब्जे में ली गई है। उन्होंने कहा कि आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। प्राथमिक पूछताछ में पता चला है कि लकड़ी शांऊ गांव निवासी भरत चौहान की थी।
