
कोटखाई (शिमला)। सीपीएस बनने के बाद पहली बार कोटखाई पहुंचने पर रोहित ठाकुर का भव्य स्वागत किया गया। उनके अभिनंदन के लिए एक कार्यक्रम के आयोजन के साथ ही एक जनसभा का भी आयोजन किया गया।
इस मौके पर ग्रामीणों ने रोहित ठाकुर से कहा कि बिजली और पानी की समस्या कोटखाई में आम हो गई है, जिसका समाधान जल्द किया जाए। रोहित ठाकुर ने कहा कि पराला सब्जी मंडी को जल्द से जल्द लोगों को समर्पित किया जाएगा। इसके अलावा कोटखाई में बन रहे विकास भवन के लिए तीन करोड़ की राशि का जल्द ही प्रावाधान किया जाएगा। ठियोग-हाटकोटी सड़क के लिए 305 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है, जिसका काम दो चरणों में शुरू किया जाएगा। नारकंडा-सुंगरी-रोहडू सड़क को भी आने वाले समय में एनएच बनाया जाएगा। कोटखाई, नावर, जुब्बल में बिजली, पानी और शिक्षा के क्षेत्र में रिक्त पदों की समस्या को जल्द पूरा किया जाएगा। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया। इसमें काकू चौहान ने नाटियों पर लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इसके अलावा सरिता बुशहरी, यशवंत दमसेठ और अन्य कलाकारों ने भी लोगों का मनोरंजन किया। इस मौके पर ब्लाक कांग्रेस कमेटी जुब्बल कोटखाई के अध्यक्ष रमेश चौहान, जिला कांग्रेस ग्रामीण उपाध्यक्ष गुमान सिंह, मोती लाल सिरटा, संधीरा रांटा, प्रमोद ओमटा, विक्रम कंवर, राविंद्र चौहान, मोती लाल देरटा, मस्तराम चौहान, केशव राम शर्मा, लायक राम ओस्टा, कर्म चंद चौहान ने रोहित ठाकुर का कोटखाई पहुंचने पर कोटखाई की जनता तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया। अभिनंदन समारोह में रोहित ठाकुर को टोपी तथा शाल पहनाकर सम्मानित किया गया। जबकि, यूथ स्पोर्ट्स क्लब कोटखाई के सदस्यों ने तलवार भेंट की। इस अवसर पर राकेश चौहान, पवन चौहान, देविंद्र नेगी, देविंद्र सांवत, कृष्ण चंद सारटा, दयाल चौहान और राजेंद्र गांगटा उपस्थित थे।
