कोटखाई गाड़ी पार्क की तो समझो टंकी खाली

कोटखाई (शिमला)। कोटखाई क्षेत्र में गाड़ियों से तेल चोरी करने वाला गिरोह सक्रिय है। दो सप्ताह में ही गाड़ियों से तेल चोरी की आधा दर्जन वारदातें हुई हैं। ये चोर गाड़ी की फ्यूल पाइप काटकर तेल चोरी कर रहे हैं। तेल चोरी की वारदातों को रात के अंधेरे में अंजाम दिया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी रात के समय नाका लगाकर तेल चोरी में संलिप्त लोगाें की तलाश में जुट गई है। कोटखाई के बजोहा, कोटी, बनी, पुजैली, बघार और देवरी में चोरों ने गाड़ियों की फ्यूल पाइप काटकर तेल चोरी किया है। सभी घटनाएं रात के समय हुई हैं। इस कारण क्षेत्रवासी परेशान हैं। लोगों ने पुलिस में भी मामले की सूचना दी है, लेकिन अभी तक तेल चोरी मामले में कोई भी सफलता पुलिस के हाथ नहीं लगी है। कोटखाई निवासी सुरेंद्र शर्मा, विजय चौहान, भानु, लीलाधर नाथन और जोगिंद्र गांगटा ने बताया कि चोर गाड़ी की फ्यूल पाइप काटकर तेल चोरी कर रहे हैं। इस तरह की कई वारदातें क्षेत्र में हो चुकी हैं।
इस संबंध में थाना प्रभारी कोटखाई गौरी दत्त शर्मा ने बताया कि गाड़ी से तेल चोरी होने की सूचनाएं उन्हें मिली हैं। पुलिस नाका लगाकर तेल चोरी करने वालाें को पकड़ने का प्रयास कर रही है।

Related posts