कोआपरेटिव सोसायटी में घरेलू मीटर

देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। हिप्र राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड उपमंडल देहरा के एसडीओ के नेतृत्व में विद्युत मीटरों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान टीम ने एक घरेलू सिंगल फेस एनर्जी मीटर का व्यावसायिक कार्यों के लिए इस्तेमाल पाया। बोर्ड के अनुसार घरेलू सिंगल फेस एनर्जी मीटर का इस्तेमाल कोआपरेटिव सोसायटी के कार्यालय के लिए कई सालों से हो रहा था। बोर्ड अधिकारियों का मानना है कि इससे बोर्ड को हजारों रुपयों की चपत लगी।
बोर्ड ने इसके लिए एनर्जी मीटर मालिक को नोटिस जारी कर दिया है। नोटिस में जुर्माना लगाने की बात कही गई है। सूत्रों को अनुसार बोर्ड कर्मचारी व्यावसायिक यूनिट के हिसाब से गणना करके जुर्माना लगाने की तैयारी कर रहे हैं, जो एक लाख रुपये तक हो सकता है। जुर्माना न भरने की स्थिति में बिजली भी काटी जा सकती है। संबंधित उपभोक्ता ने निरीक्षण टीम के सामने माना कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि इससे बोर्ड को नुकसान हो रहा है। यह कार्यालय कोआपरेटिव सोसायटी सनोट का के नाम पर है तथा इसका बिल घरेलू यूनिट के हिसाब से भरा जा रहा था। बोर्ड को कुछ समय से सूचना मिल रही थी कि इलाके में घरेलू मीटरों का व्यावसायिक इस्तेमाल हो रहा है। इसके बाद बुधवार को बोर्ड की एक टीम ने औचक निरीक्षण किया।
उधर, इस बारे में एक्सईएन प्रवीण धीमान और एसडीओ सीएस चावला ने बताया कि यह एक रुटीन चेकिंग थी। इसमें घरेलू मीटर का इस्तेमाल व्यावसायिक कार्यों के लिए होता पाया गया है। संबंधित एनर्जी मीटर उपभोक्ता को नोटिस दिया गया है। बोर्ड मामले की पड़ताल कर रहा है।

Related posts