
डीडीहाट। हर-हर महादेव के जयकारों के साथ कैलास-मानसरोवर की यात्रा पर निकला पहला दल आधार शिविर धारचूला पहुंच गया है। डीडीहाट और मिर्थी पहुंचने पर दल का भव्य स्वागत किया गया। 53 सदस्यीय दल में 22 महिलाएं शामिल हैं। यह दल 20 जून को चीन सीमा में प्रवेश करेगा।
बृहस्पतिवार को डीडीहाट पर्यटक आवास गृह में पहुंचने पर दल का टीआरसी प्रबंधक षष्टी बल्लभ भट्ट और नगर पंचायत अध्यक्ष कवींद्र शाही के नेतृत्व में जोरदार स्वागत किया गया। टीम के जनसंपर्क अधिकारी चंदन सिंह भंडारी ने बताया कि दल के सभी सदस्यों में यात्रा को लेकर गजब का उत्साह है। दल में सबसे अधिक लोग (16) दिल्ली से हैं। सबसे युवा यात्री मप्र निवासी पीयूष गड़वा (26), सबसे बुजुर्ग दिल्ली के लेखराज (70) और एक अन्य महिला यात्री राजस्थान की दीप किरण ने बताया कि भगवान भोलेनाथ के आशीर्वाद से यात्रा पर जाने का सौभाग्य मिल सका है।
डीडीहाट में लंच करने के बाद यात्रा दल मिर्थी स्थित आईटीबीपी मुख्यालय रवाना हुआ, जहां अस्कोट राजवंश के 108वें राजा कुंवर भानुराज पाल के नेतृत्व में दल का स्वागत किया गया।
मिर्थी में आईटीबीपी के सेनानी केदार सिंह रावत ने यात्रियों को उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बरती जाने वाली सावधानी के बारे में बताया। दल शाम को धारचूला के लिए रवाना हुआ।
